देहरादून। राजधानी देहरादून में एक महिला ने अपने साथी पर धोखे से वर्षों तक शारीरिक शोषण करने और मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया है। रायपुर थाना पुलिस ने महिला की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायत के अनुसार, आरोपी व्यक्ति ने खुद को बड़ा बिल्डर बताते हुए महिला और उसके परिवार को भरोसे में लिया। उसने देहरादून और दिल्ली में कई मकान-फ्लैट होने का दावा किया और शादी का झूठा वादा कर महिला को अपने साथ रहने के लिए तैयार किया। फरवरी 2021 से दिसंबर 2022 तक दोनों कैनाल रोड स्थित किराए के मकान में साथ रहे। इसी दौरान दिसंबर 2022 में महिला ने एक बच्ची को जन्म दिया।

महिला का आरोप है कि बच्ची के जन्म के बाद आरोपी का व्यवहार पूरी तरह बदल गया। वह शराब पीकर मारपीट करता, गाली-गलौज करता और कई-कई दिन तक घर से गायब रहता था। किराया समय पर न देने के कारण उन्हें बार-बार मकान बदलने पड़े। महिला ने बताया कि आरोपी ने उसे विष्णुपुरम सहस्त्रधारा रोड, नवादा हाई सोसाइटी मोथरोवाला और नेहरूग्राम के किराए के घरों में रखा।

बाद में महिला को पता चला कि आरोपी पहले से शादीशुदा है और उसकी पत्नी रूड़की (हरिद्वार) क्षेत्र की निवासी है। आरोप है कि आरोपी ने अपनी पूर्व शादी की जानकारी जानबूझकर छुपाई और धोखे से उसे वर्षों तक साथ रखा। परेशान होकर महिला अपनी बच्ची के साथ मायके लौट आई। उसने आशंका जताई कि आरोपी उसके और बच्ची की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकता है, क्योंकि पहले भी वह धमकियां दे चुका है।

एसओ रायपुर गिरीश नेगी ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर जांच कीजा रही है।

You missed