हरिद्वार। बिजनौर के गंगा बैराज से शनिवार को शुरू हुई ‘एक्स मुस्लिम यात्रा’ रविवार को हरकी पैड़ी पहुंचकर संपन्न हो गई। यात्रा में शामिल लोगों ने ब्रह्मकुंड पर गंगा स्नान और विधिवत गंगा पूजन किया। हरकी पैड़ी पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।
यात्रा के संयोजक इमरोज आलम ने बताया कि इस यात्रा में शामिल लोग इस्लाम धर्म छोड़कर सनातन धर्म अपना चुके हैं। उन्होंने कहा कि यात्रा का उद्देश्य मुस्लिम समाज में जागरूकता फैलाना है, ताकि लोग सनातन धर्म के बारे में जान सकें। पुलिस सुरक्षा के बीच यात्रा हरिद्वार-नजीबाबाद हाईवे से होते हुए हरकी पैड़ी पहुंची और दोपहर करीब डेढ़ बजे इसका समापन हुआ। वापसी के दौरान पुलिस ने यात्रा को चिड़ियापुर के रास्ते उत्तर प्रदेश सीमा तक सुरक्षित पहुंचाया।
हालांकि, यात्रा के समापन के बाद एक वीडियो सामने आने से विवाद खड़ा हो गया। वीडियो में दो युवक मुस्लिम वेशभूषा में हरकी पैड़ी पर पहुंचते दिखाई दिए, जिस पर श्रीगंगा सभा ने कड़ी आपत्ति जताई। सभा के अध्यक्ष नितिन गौतम ने कहा कि जब हरकी पैड़ी क्षेत्र में गैर हिंदुओं का प्रवेश वर्जित है, तो ऐसे में इन युवकों का वहां पहुंचना धार्मिक मर्यादाओं का उल्लंघन है। उन्होंने संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
वहीं, रामविशाल दास ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि वे विधिवत दीक्षा लेकर संत बने हैं और उन्हें बदनाम किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन युवकों पर आपत्ति जताई जा रही है, वे पहले ही सनातन धर्म स्वीकार कर चुके हैं।
