पश्चिम बंगाल। एक बार फिर से युवती के साथ डराने वाली घटना सामने आई है। कोलकाता के एक निजी इंजीनियरिंग कॉलेज की द्वितीय वर्ष की छात्रा ने आरोप लगाया है कि उसके सहपाठी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को शहर के दक्षिणी हिस्से के आनंदपुर इलाके से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, छात्रा ने आनंदपुर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई कि आरोपी ने उसके पेय में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे पिलाया। इसके चलते वह बेहोश हो गई और इस दौरान आरोपी ने उसका शोषण किया।

छात्रा के गृहराज्य का फिलहाल खुलासा नहीं किया गया है। आरोपी कुछ दिनों तक फरार रहा, लेकिन जैसे ही वह आनंदपुर स्थित अपने घर लौटा, पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसे अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने उसे 22 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया।

यह घटना पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में एक मेडिकल कॉलेज की छात्रा के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म के कुछ दिनों बाद हुई है। दुर्गापुर कांड को लेकर पहले ही मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनकी सरकार विपक्ष के निशाने पर थे।

पिछले साल कोलकाता के आर.जी. कर मेडिकल कॉलेज में महिला डॉक्टर के साथ हुए दुष्कर्म के मामले ने भी राज्य सरकार की किरकिरी कराई थी।

भाजपा समेत अन्य विपक्षी दलों ने राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर ममता सरकार की आलोचना तेज कर दी है। दुर्गापुर कांड पर मुख्यमंत्री के बयान को लेकर भी विरोध जारी है। अब कोलकाता की इस नई घटना ने राज्य सरकार के लिए मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।

यह लगातार की घटनाएं पश्चिम बंगाल में युवतियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर रही हैं और राज्य में कानून व्यवस्था पर विपक्षी दलों के हमले तेज हो गए हैं।