हरिद्वार। बोर्ड परीक्षाओं में नकल और फर्जीवाड़े का एक गंभीर मामला सामने आया है। मंगलवार को हाईस्कूल हिंदी की परीक्षा के दौरान आठ फर्जी परीक्षार्थियों को पकड़ा गया, जो मूल छात्रों की जगह परीक्षा देने पहुंचे थे। पकड़े गए आरोपियों में चार छात्र और चार छात्राएं शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, सावित्री शिक्षा सदन इंटर कॉलेज रावली महदूद के हाईस्कूल के छात्र-छात्राओं का परीक्षा केंद्र राजकीय इंटर कॉलेज सलेमपुर में बनाया गया था। परीक्षा के दौरान कक्ष निरीक्षकों द्वारा नियमित चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान अलग-अलग कक्षों में कुछ परीक्षार्थियों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। प्रवेश पत्र और चेहरों का मिलान करने पर निरीक्षकों को संदेह हुआ, जो पूछताछ के बाद सही साबित हुआ। पूछताछ में स्पष्ट हुआ कि ये बच्चे पंजीकृत परीक्षार्थी नहीं थे, बल्कि किसी अन्य की जगह परीक्षा देने आए थे।
केंद्र व्यवस्थापक सुरेशचंद्र द्विवेदी ने मामले की सूचना तुरंत पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी आठ आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। केंद्र व्यवस्थापक की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की तैयारी की जा रही है।
इस मामले में सावित्री शिक्षा सदन इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य की भूमिका भी संदेह के घेरे में आ गई है। आशंका जताई जा रही है कि प्रवेश पत्रों पर फोटो बदलने का खेल कॉलेज स्तर पर ही किया गया, ताकि कमजोर छात्रों की जगह दूसरे बच्चों से परीक्षा दिलाकर उन्हें पास कराया जा सके। पुलिस को दिए गए साक्ष्यों के आधार पर प्रधानाचार्य के खिलाफ भी कार्रवाई संभव बताई जा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और शिक्षा विभाग भी प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई की तैयारी में जुट गया है।
