देहरादून। शिक्षा निदेशालय में प्रारंभिक शिक्षा निदेशक के साथ हुई मारपीट की घटना को लेकर सियासी माहौल गरमा गया है। कांग्रेस ने भाजपा विधायक उमेश शर्मा काऊ के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए उनकी तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने रायपुर थाने का घेराव कर धरना-प्रदर्शन किया और घटना के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
पूर्व नियोजित कार्यक्रम के तहत कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री हीरा सिंह बिष्ट, सोनिया आनंद रावत, युवा कांग्रेस नेता विनीत भट्ट सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता थाने पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने घटना को प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल बताते हुए कहा कि शहर में लगातार आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं और अब जनप्रतिनिधि ही अधिकारियों को धमकाने व गुंडागर्दी करने पर उतर आए हैं। ऐसे में आम जनता और सरकारी कर्मचारियों की सुरक्षा पर बड़ा खतरा मंडरा रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी प्रदेश के सभी शिक्षकों और कर्मचारियों के साथ मजबूती से खड़ी है और उनके सम्मान व सुरक्षा की लड़ाई लड़ेगी। उन्होंने विधायक उमेश शर्मा काऊ की तत्काल गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि जब तक जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई और इस्तीफा नहीं होता, कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।
प्रदर्शन के दौरान सीओ द्वारा पूरे मामले में नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद कांग्रेस नेताओं ने ज्ञापन सौंपकर धरना समाप्त किया। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि 48 घंटे के भीतर विधायक की गिरफ्तारी नहीं होती तो पार्टी आगे की रणनीति तैयार कर आंदोलन को और तेज करेगी।
