ऋषिकेश। शिवाजी नगर में शनिवार रात उस समय सनसनी फैल गई, जब एक तलाकशुदा महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना रात करीब 10 बजे की है। पुलिस के अनुसार, महिला घर पर अकेली थी। इसी दौरान एक युवक बाइक से गली में आया और दरवाजा खटखटाया। जैसे ही महिला ने अंदर वाला लकड़ी का दरवाजा खोला, आरोपी ने बाहर लगे जालीदार दरवाजे के बीच से पिस्टल सटाकर गोली चला दी। गोली सीधे महिला के सीने में लगी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक केसी भट्ट ने बताया कि मृतका की पहचान प्रीति रावत (32 वर्ष) निवासी यमकेश्वर के रूप में हुई है। वह शिवाजी नगर में पिछले एक साल से किराये के कमरे में रह रही थी और एक आउटसोर्स एजेंसी के माध्यम से एम्स में कार्यरत थी। कमरे में लकड़ी और जाली के दो दरवाजे लगे थे।
महिला ने केवल अंदर का लकड़ी का दरवाजा खोला था, जबकि जालीदार दरवाजा बंद था। इसके बावजूद आरोपी ने गोली चला दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन जालीदार दरवाजा बंद होने के कारण उसे तोड़कर अंदर प्रवेश करना पड़ा।
बताया जा रहा है कि प्रीति का आठ साल का बेटा है, जो अपने नाना के साथ रहता है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और परिजनों को सूचित कर दिया गया है।
एसपी जया बलूनी ने बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। वारदात के कारणों और आरोपी की पहचान को लेकर जांच की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। वहीं, पुलिस ने यह भी बताया कि मकान मालिक द्वारा महिला का किरायेदार सत्यापन नहीं कराया गया था। इस संबंध में मकान मालिक से पूछताछ के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
पटाखे जैसी आवाज से हुआ खुलासा
पड़ोसी राधेश्याम ने बताया कि अचानक पटाखे जैसी आवाज सुनकर वह चौंक गए। चहारदीवारी से झांककर देखा तो महिला खून से लथपथ पड़ी थी, जिसके बाद आसपास के लोगों और पुलिस को सूचना दी गई।
