हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में होली के उत्सव के दौरान पथरी थाना क्षेत्र के बिशनपुर कुंडी गांव में रंग लगाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद हिंसक संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच हुई झड़प में करीब 50 से अधिक लोग आमने-सामने आ गए और एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला करने के साथ पथराव भी किया। इस घटना से गांव में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार बुधवार को गांव में युवक आपस में होली खेलते हुए एक-दूसरे को रंग लगा रहे थे। इसी दौरान रंग लगाने को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते यह कहासुनी बढ़कर गंभीर विवाद में बदल गई और दोनों पक्षों के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। इसके बाद दोनों ओर से लाठी-डंडों से हमला और पथराव शुरू हो गया, जिसमें कई लोग घायल हो गए।
घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में करीब 50 लोगों की भीड़ एक-दूसरे पर हमला करती दिखाई दे रही है। वीडियो में महिलाओं की मौजूदगी भी देखी जा सकती है, जिससे घटना की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
झड़प में घायल हुए लोगों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार फिलहाल किसी भी घायल की हालत गंभीर नहीं बताई गई है।
मामले में दोनों पक्षों की ओर से पथरी थाना पुलिस को तहरीर दी गई है। पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की सतर्कता बढ़ा दी गई है।
