देहरादून। नवरात्र के दूसरे दिन उत्तराखंड की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में मंत्रिमंडल का विस्तार किया गया। इस विस्तार में पांच नए मंत्रियों को कैबिनेट में शामिल किया गया। शुक्रवार को राज्यपाल ने राजपुर विधायक खजान दास सहित सभी मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
इनमें सबसे पहले शपथ लेने पहुंचे खजान दास दूसरी बार मंत्री बने हैं। अपनी सरलता और सहज स्वभाव के लिए पहचाने जाने वाले खजान दास का राजनीतिक सफर लंबे समय से सक्रिय रहा है। उन्होंने पहली बार वर्ष 2007 में धनोल्टी विधानसभा सीट से जीत दर्ज की थी, जिसके बाद वे देहरादून की राजनीति में सक्रिय हो गए। वर्ष 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों में उन्होंने राजपुर रोड सीट से लगातार जीत हासिल की।
इससे पहले वे पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक की सरकार में खेल, समाज कल्याण और शिक्षा मंत्री की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। वर्तमान में वे भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता के रूप में भी कार्यरत हैं।
मंत्रिमंडल विस्तार में क्षेत्रीय संतुलन का विशेष ध्यान रखा गया है। पहली बार हरिद्वार जिले को दो कैबिनेट मंत्रियों का प्रतिनिधित्व मिला है। नए गठन के बाद कैबिनेट में गढ़वाल क्षेत्र से आठ और कुमाऊं से चार मंत्री शामिल हैं। इस विस्तार में तीन विधायकों को पहली बार मंत्री बनने का अवसर मिला है, जबकि दो पूर्व मंत्रियों को भी दोबारा मौका दिया गया है।
इस कदम को आगामी राजनीतिक रणनीति और क्षेत्रीय संतुलन साधने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
