देहरादून। लंबे समय से चल रही चर्चाओं पर विराम लगाते हुए उत्तराखंड की धामी सरकार ने शुक्रवार को नवरात्र के शुभ अवसर पर मंत्रिमंडल का विस्तार कर दिया। लोकभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) ने पांच नए मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

सबसे पहले राजपुर विधायक खजान दास ने शपथ ली। इसके बाद भरत सिंह चौधरी ने संस्कृत में शपथ ग्रहण किया। वहीं मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा और राम सिंह केड़ा ने भी मंत्रिपद की शपथ ली। इस विस्तार के साथ कैबिनेट में लंबे समय से खाली चल रहे पांच पद भर दिए गए हैं।

सूत्रों के अनुसार, मंत्रियों के चयन में विधायकों के पिछले चार वर्षों के कार्यों का मूल्यांकन किया गया। साथ ही क्षेत्रीय और जातीय समीकरणों को ध्यान में रखते हुए संतुलन बनाने की कोशिश की गई। कैबिनेट विस्तार को लेकर सरकार और संगठन के बीच कई दौर की चर्चा के बाद नवरात्र का शुभ मुहूर्त चुना गया।

नए मंत्रिमंडल में क्षेत्रीय संतुलन भी साफ नजर आता है। मैदान से लेकर पहाड़ तक प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया गया है। खास बात यह है कि पहली बार हरिद्वार जिले को दो कैबिनेट मंत्री मिले हैं। वर्तमान कैबिनेट में अब गढ़वाल क्षेत्र से आठ और कुमाऊं से चार मंत्री शामिल हैं।

इस विस्तार में तीन विधायकों को पहली बार कैबिनेट मंत्री बनने का अवसर मिला है, जबकि दो अनुभवी नेताओं को दोबारा जिम्मेदारी सौंपी गई है। माना जा रहा है कि यह विस्तार आगामी राजनीतिक रणनीतियों को ध्यान में रखते हुए किया गया है।