दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर दिल्ली को मेट्रो कनेक्टिविटी की बड़ी सौगात मिली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को दिल्ली मेट्रो के दो नए कॉरिडोर का उद्घाटन किया और तीन अन्य कॉरिडोर की आधारशिला भी रखी। इन परियोजनाओं समेत कुल करीब 33,500 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं की शुरुआत की गई।

प्रधानमंत्री ने करीब 12.3 किलोमीटर लंबे मजलिस पार्क–मौजपुर बाबरपुर (पिंक लाइन) कॉरिडोर और लगभग 9.9 किलोमीटर लंबे दीपाली चौक–मजलिस पार्क (मैजेंटा लाइन) कॉरिडोर का उद्घाटन किया। इन नए कॉरिडोर के शुरू होने से दिल्ली को देश की पहली “रिंग मेट्रो” भी मिल गई है। इससे राजधानी के कई इलाकों में कनेक्टिविटी बेहतर होगी।

नई मेट्रो लाइन से बुराड़ी, जगतपुर-वजीराबाद, खजूरी खास, भजनपुरा, यमुना विहार, मधुबन चौक, हैदरपुर बादली मोड़, भलस्वा और मजलिस पार्क जैसे क्षेत्रों के लोगों को सीधे तौर पर फायदा मिलेगा। साथ ही गाजियाबाद, नोएडा, फरीदाबाद और गुरुग्राम जैसे एनसीआर शहरों से दिल्ली के विभिन्न हिस्सों तक आवागमन भी अधिक आसान हो जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने आम आदमी पार्टी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दिल्ली ने एक वर्ष पहले जिस “आपदा” से मुक्ति पाई, वह जरूरी थी। उनके अनुसार अगर पहले की सरकार बाधा न डालती तो मेट्रो फेज-4 परियोजना काफी पहले पूरी हो सकती थी। प्रधानमंत्री ने कहा कि अब भाजपा सरकार बनने के बाद दिल्ली के विकास कार्यों में तेजी आई है और परियोजनाएं फाइलों से निकलकर जमीन पर उतर रही हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि पिछले लगभग दस वर्षों में विकास कार्यों की गति धीमी रही, लेकिन अब सरकार मिशन मोड में काम कर रही है। उन्होंने पेरिफेरल एक्सप्रेसवे और यमुना की सफाई से जुड़े कार्यों का भी उल्लेख किया।

इसके अलावा प्रधानमंत्री ने पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के कार्यक्रम के बहिष्कार को लेकर तृणमूल कांग्रेस पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह न केवल राष्ट्रपति का बल्कि संविधान और लोकतांत्रिक परंपराओं का भी अपमान है।