पंतनगर। गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर राजधानी दिल्ली में हवाई सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सुरक्षा कारणों से दिल्ली को 26 जनवरी तक नो-फ्लाई जोन घोषित किया गया है, जिसका असर दिल्ली–पंतनगर हवाई उड़ानों पर भी पड़ा है। इस निर्णय के चलते इस रूट की एक दैनिक उड़ान को अस्थायी रूप से रद्द कर दिया गया है।
पंतनगर एयरपोर्ट के निदेशक पवन कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत इंडिगो एयरलाइंस की दिल्ली से पंतनगर आने वाली पहली दैनिक उड़ान 6E-7324 को 26 जनवरी तक के लिए रद्द कर दिया गया है। यह उड़ान सुबह के समय संचालित होती थी, जिससे यात्रियों को त्वरित कनेक्टिविटी मिलती थी।
हालांकि, दिल्ली–पंतनगर रूट की दूसरी इंडिगो फ्लाइट 6E-7156 अपने निर्धारित समय के अनुसार नियमित रूप से संचालित होती रहेगी। यह फ्लाइट दिल्ली से दोपहर 3:10 बजे रवाना होकर शाम 4:05 बजे पंतनगर एयरपोर्ट पहुंचेगी। इसके समय में किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया गया है।
एयरपोर्ट निदेशक ने यात्रियों को हुई असुविधा पर खेद व्यक्त किया है। उन्होंने बताया कि इंडिगो एयरलाइंस द्वारा प्रभावित यात्रियों के लिए वैकल्पिक उड़ानों में समायोजन या टिकट रिफंड की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा से पहले अपनी उड़ान की स्थिति एयरलाइन की आधिकारिक वेबसाइट, मोबाइल ऐप या कस्टमर केयर से अवश्य जांच लें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।
