देहरादून शहर के कई इलाकों में आगामी दिनों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी। उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) द्वारा 11 केवी लाइनों के रखरखाव और बदलाव के लिए 12 से 20 अप्रैल तक अलग-अलग क्षेत्रों में शटडाउन लिया जा रहा है। इस दौरान टर्नर रोड, बसंत विहार और भंडारीबाग बिजलीघरों से जुड़े इलाकों में बिजली बाधित रहेगी।
यूपीसीएल के अनुसार 15, 16, 19 और 20 अप्रैल को सुबह 9:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक लक्ष्मण चौक फीडर पर बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। वहीं 15 और 17 अप्रैल को पटेलनगर फीडर, जबकि 17, 18, 21 और 22 अप्रैल को खुड़बुड़ा फीडर से जुड़े क्षेत्रों में शटडाउन रहेगा। कारगी और कौलागढ़ इलाकों में भी विभिन्न तिथियों पर बिजली कटौती की जाएगी। इसके अलावा सहस्रधारा रोड, आईटी पार्क और ऊर्जा भवन से जुड़े कई क्षेत्रों में भी लाइन सुधार और टेस्टिंग कार्य के चलते बिजली प्रभावित रहेगी।
दूसरी ओर, शहरवासियों के लिए राहत की खबर भी है। देहरादून में जल्द ही नई एसी इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू होने जा रही है। यह बस दूधली से बंजारावाला, कारगी चौक, लालपुल होते हुए घंटाघर और राजपुर रोड तक चलेगी। इस प्रस्तावित रूट का सर्वे पूरा कर लिया गया है और अब क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण (RTA) की मंजूरी का इंतजार है।
इस सेवा के शुरू होने से खासकर वरिष्ठ नागरिकों को इंद्रेश अस्पताल और शहर के मुख्य बाजारों तक पहुंचने में काफी सुविधा मिलेगी।
