देहरादून। देहरादून से पिथौरागढ़ के बीच हवाई संपर्क को मजबूत करने की दिशा में बड़ी पहल की गई है। क्षेत्रीय संपर्क योजना (आरसीएस) के तहत इस रूट पर जल्द ही उड़ान सेवा शुरू होने जा रही है। केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखकर इसकी जानकारी दी है।

बताया गया है कि मुख्यमंत्री धामी ने हाल ही में केंद्रीय मंत्री को पत्र भेजकर देहरादून से पिथौरागढ़ के बीच हवाई सेवाओं को सुदृढ़ करने का अनुरोध किया था। इसके जवाब में केंद्रीय मंत्री ने जानकारी दी कि इस रूट पर आरसीएस के तहत उड़ान सेवा शुरू करने की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है।

पत्र के अनुसार, मैसर्स स्काईहॉप एविएशन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा आवश्यक औपचारिकताओं को पूरा किया जा रहा है। प्रक्रिया पूरी होते ही कंपनी देहरादून से पिथौरागढ़ के बीच नियमित आरसीएस उड़ानों का संचालन शुरू करेगी। इससे कुमाऊं क्षेत्र के लोगों को बेहतर और तेज परिवहन सुविधा मिल सकेगी।

इससे पहले इस रूट पर मैसर्स फ्लाइबिंग द्वारा हवाई सेवा संचालित की जा रही थी, लेकिन अब कंपनी ने अपने आरसीएस उड़ान अधिकार स्काईहॉप एविएशन को हस्तांतरित कर दिए हैं।

केंद्र सरकार भी इस रूट पर नियमित और सुचारु हवाई सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए अन्य विमानन कंपनियों से संपर्क कर रही है। इस पहल से न केवल यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि क्षेत्र के पर्यटन और आर्थिक विकास को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।