देहरादून। बुधवार को देहरादून जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से पूरे परिसर में हड़कंप मच गया। धमकी भरा ईमेल जिला जज कार्यालय को प्राप्त हुआ, जिसके बाद प्रशासन और पुलिस तुरंत अलर्ट मोड पर आ गई। सूचना मिलते ही एसएसपी सिटी प्रमेंद्र डोबाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

एहतियात के तौर पर सभी न्यायाधीशों, अधिवक्ताओं और कर्मचारियों को कोर्ट परिसर से बाहर सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया। पूरे परिसर को खाली कराकर चारों ओर बैरिकेडिंग कर दी गई, वहीं बम निरोधक दस्ते और खोजी कुत्तों की मदद से सघन जांच अभियान चलाया गया।

प्रारंभिक जांच में धमकी भरे ईमेल के पीछे पाकिस्तानी संगठन की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अधिकारियों का कहना है कि अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस और खुफिया एजेंसियां ईमेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी हुई हैं।

बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनमोहन कंडवाल ने बताया कि जिला जज कार्यालय को धमकी भरा मेल मिलने के बाद पूरे कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। हालांकि समय रहते सुरक्षा एजेंसियों की सक्रियता से स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया।

गौरतलब है कि हाल के दिनों में उत्तराखंड के कई जिलों—हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, टिहरी और नैनीताल—के जिला न्यायालयों को भी बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं। इन सभी मामलों में जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, और इसे असामाजिक तत्वों की शरारत माना जा रहा है।

फिलहाल पुलिस ने सभी मामलों की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है और सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया है। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और प्रशासन के साथ सहयोग करने की अपील की है।

You missed