गौचर। गौचर में आयोजित कृषि मेले के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने, जंगली जानवरों से सुरक्षा सहित विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस ने कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। कार्यक्रम के चलते क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।

बता दें कि गौचर में आयोजित इस कृषि मेले में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी पहुंचे हुए थे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मेले के दौरान अपनी मांगों को लेकर विरोध दर्ज कराने की कोशिश की। जिलाध्यक्ष सुरेश कुमार डिमरी के अनुसार, कांग्रेस कार्यकर्ता शिव गंगा वेडिंग प्वाइंट पर एकत्र हुए और वहां से प्रदर्शन की तैयारी की।

प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने पहले से ही बैरिकेडिंग कर रखी थी। जैसे ही कार्यकर्ताओं ने आगे बढ़ने का प्रयास किया, पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद कुछ कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस प्रशासन का कहना है कि मेले की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कार्रवाई की गई।

वहीं, कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन को दबाने के लिए पुलिस ने कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय, जंगली जानवरों से बढ़ते खतरे और जनहित से जुड़े मुद्दों पर सरकार को गंभीरता दिखानी चाहिए। प्रदर्शन और हिरासत की घटना को लेकर राजनीतिक माहौल भी गरमा गया है।