उत्तराखंड राज्य गठन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में कांग्रेस पार्टी रजत जयंती वर्ष को बड़े उत्साह और धूमधाम के साथ मनाने जा रही है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने एक से 14 नवंबर तक “रजत जयंती पखवाड़ा” मनाने की घोषणा की है।

इस दौरान पार्टी राज्य निर्माण आंदोलन, जनसरोकारों और विकास की दिशा में कांग्रेस की भूमिका को रेखांकित करने वाले विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करेगी।

मुख्य समारोह 9 नवंबर को देहरादून स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित होगा, जहां राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ पर केक काटा जाएगा और आतिशबाजी के साथ जश्न मनाया जाएगा।

प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष (संगठन) सूर्यकांत धस्माना ने बताया कि पार्टी के वरिष्ठ नेता कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पूर्व अध्यक्ष प्रीतम सिंह और गणेश गोदियाल एक नवंबर को कचहरी स्थित शहीद स्थल पर राज्य आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

कार्यक्रमों की श्रृंखला में 2 नवंबर को सभी ब्लॉक कांग्रेस कमेटियाँ विकास गोष्ठियाँ आयोजित करेंगी, जबकि 3 नवंबर को जिला अस्पतालों में मरीजों को फल वितरण किया जाएगा। 5 नवंबर को पत्रकार वार्ता और 6 नवंबर को रामपुर तिराहा में शहीदों को श्रद्धांजलि दी जाएगी।

इसके अलावा, 7 नवंबर को राज्य निर्माण के उद्देश्यों और उपलब्धियों पर विचार सम्मेलन तथा 8 नवंबर को 25 वर्षों की उपलब्धियों पर प्रदर्शनी लगाई जाएगी। 11 से 14 नवंबर तक प्रदेश की सभी 70 विधानसभाओं में “जय उत्तराखंड, जय भारत तिरंगा यात्रा” निकाली जाएगी, जिसमें जनता से राज्य के वर्तमान हालात और भविष्य की दिशा पर संवाद किया जाएगा।

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग अध्यक्ष मदन लाल और श्रम विभाग अध्यक्ष दिनेश कौशल भी मौजूद रहे।