देहरादून। प्रदेश में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर कांग्रेस ने शुक्रवार को देहरादून में जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, चकराता विधायक प्रीतम सिंह, पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं ने पुलिस मुख्यालय तक मार्च किया और सुभाष रोड पर लगी बैरिकेडिंग पर चढ़कर राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए।
नेताओं ने कहा कि उत्तराखंड में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ठप हो चुकी है और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने गुंजन हत्याकांड, अर्जुन हत्याकांड और हाल ही में विक्रम शर्मा की हत्या का हवाला देते हुए कहा कि देहरादून जैसे शांत माने जाने वाले शहर में लगातार हो रही हत्याएं लोगों में भय का माहौल पैदा कर रही हैं। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि राजधानी में मात्र 11 दिनों के भीतर दिनदहाड़े तीन हत्याओं की घटनाओं ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
राजपुर रोड जैसे पॉश इलाके में शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे हुए गोलीकांड के बाद पूरे शहर में सनसनी फैल गई। घटना की खबर फैलते ही शहरवासियों के बीच दहशत का माहौल बन गया और लोग यह सवाल उठाने लगे कि शांत वादियों के लिए प्रसिद्ध देहरादून में अपराधी किस तरह बेखौफ हो गए हैं।
इधर, बढ़ती घटनाओं के बीच पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। देहरादून में 48 घंटे के भीतर दो हत्याओं के बाद एसएसपी अजय सिंह को पद से हटा दिया गया है। उनकी जगह हरिद्वार के एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल को देहरादून का नया एसएसपी नियुक्त किया गया है। अजय सिंह को एसएसपी एसटीएफ बनाया गया है, जबकि एसटीएफ के एसएसपी नवनीत सिंह को हरिद्वार का एसएसपी बनाया गया है।
इसके अलावा ऊधमसिंह नगर के एसएसपी मणिकांत मिश्रा को एसपी अभिसूचना नियुक्त किया गया है और उनकी जगह अजय गणपति कुम्भार को ऊधमसिंह नगर का एसएसपी बनाया गया है। चंपावत के एसपी पद पर पिथौरागढ़ की एसपी रेखा यादव की तैनाती की गई है।
प्रशासनिक बदलाव के बाद अब पुलिस से अपराध पर सख्त कार्रवाई और कानून व्यवस्था सुधारने की उम्मीद जताई जा रही है।
