प्रदेश में बढ़ते महिला अपराधों को लेकर उत्तराखंड प्रदेश महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा आज प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में राजभवन घेराव कार्यक्रम आयोजित किया गया। राजभवन कूच के दौरान पुलिस ने महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं को हाथी बड़कला पर बैरिकेटिं लगाकर रोक दिया। इस दौरान पुलिस और महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प भी हुई।
बढ़ते महिला अपराधों को लेकर कांग्रेस ने किया राजभवन कूच
प्रदेश में लगातार बढ़ रहे महिला अपराधों को लेकर आज महिला कांग्रेस ने राजभवन कूच किया। भारी बारिश के बाद भी बड़ी संख्या में आई महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महिला अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में राजभवन की ओर कूच किया जिन्हें पुलिस द्वारा हाथी बडकला स्थित बैरिकेडिंग पर रोक दिया। इस दौरान बैरिकेडिंग पार करने को लेकर महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं पुलिस मे भारी झड़प हुई।
पुलिस और महिला कांग्रेस के बीच हुई झड़प
बैरिकेडिंग पार करने के दौरान पुलिस द्वारा महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ धक्का-मुक्की कर उन्हें रोकने का प्रयास किया गया। जिसके बाद महिला कांग्रेस कार्यकर्ता वहीं पर धरने पर बैठ गए जहां से पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर पुलिस लाईन ले गई।
प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि विगत तीन वर्ष के अन्तराल में उत्तराखंड राज्य महिला अपराध में शीर्ष पर पहुंच गया है। राज्य में हत्या, मासूमों से बलात्कार और महिलाओं से सम्बन्धित जघन्य अपराधों की घटनाओं में भारी वृद्धि हुई है। राज्य में लगातार घट रही इन घटनाओं से महिला सम्मान के साथ-साथ राज्य की अस्मिता पर भी चोट पहुंची है तथा देवभूमि उत्तराखंड का गौरव कलंकित हुआ है।
तीन सालों में हुई दुष्कर्म की 1822 घटनाएं
ज्योति रौतेला ने कहा कि पिछले तीन वर्ष में महिलाओं के साथ दुष्कर्म की 1822 घटनाएं घटित हो चुकी है तथा 318 अज्ञात महिलाओं के शव मिले हैं जिनमें से केवल 87 की ही शिनाख्त हो पाई है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य में पिछले 5 वर्ष में 10500 महिलायें लापता हुई जिनमें से केवल 767 महिलाएं अभी भी लापता हैं। राज्य में साल दर साल महिला अपराध की घटनाओं में वृद्धि हो रही है तथा तीन साल में महिला अपराध के 103947 मुकदमे दर्ज हुए हैं। राज्य में औसतन प्रति माह एक बलात्कार और हत्या की घटना घटित हो रही है।