देहरादून। देहरादून के नूरखेड़ा स्थित प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में शिक्षा निदेशक अजय कुमार नौडियाल के साथ हुई मारपीट की घटना को लेकर प्रदेशभर के शिक्षकों और कर्मचारियों में भारी आक्रोश है। उत्तरांचल स्टेट प्राइमरी टीचर्स एसोसिएशन की शिक्षक भवन, रेसकोर्स में आयोजित बैठक में घटना की कड़ी निंदा की गई। शिक्षकों ने ऐलान किया कि विरोध स्वरूप आज से सभी प्राथमिक शिक्षक काली पट्टी बांधकर कार्य करेंगे।

बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे शिक्षकों ने कहा कि जब प्रारंभिक शिक्षा निदेशक जैसे वरिष्ठ अधिकारी ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम शिक्षक और कर्मचारियों की सुरक्षा का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।

संगठन की प्रांतीय तदर्थ समिति के सदस्य गोविंद बोरा और दिगम्बर सिंह नेगी ने चेतावनी दी कि यदि आरोपियों के खिलाफ शीघ्र कठोर कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

वहीं, शिक्षा निदेशालय में हुई संयुक्त बैठक में सभी 56 विभागों के कर्मचारी और अधिकारी संगठनों ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे प्रशासनिक व्यवस्था की गरिमा को ठेस पहुंची है और कर्मचारियों में असुरक्षा की भावना बढ़ी है। संगठनों ने सरकार से कर्मचारियों और अधिकारियों की सुरक्षा के लिए स्पष्ट एसओपी जारी करने की मांग की।

उधर, पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को हिरासत में लिया है। वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई है, जबकि हिस्ट्रीशीटर कल्ली की भूमिका की भी अलग से जांच की जा रही है।

बताया जा रहा है कि शनिवार को विधायक उमेश शर्मा काऊ अपने समर्थकों के साथ एक स्कूल का नाम बदलने के मामले में शिक्षा निदेशक से मिलने पहुंचे थे, जहां विवाद के दौरान कुछ लोगों ने उनके साथ मारपीट की।

इस घटना के बाद शिक्षा निदेशालय परिसर और रायपुर थाने में प्रदर्शन हुए और दोनों पक्षों की ओर से प्राथमिकी दर्ज की गई है। एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि वीडियो और शिकायतों के आधार पर जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

You missed