चमोली। दशोली विकास खंड के अंतर्गत ग्राम पंचायत सैकोट में महिला मंगल दल ने सार्वजनिक कार्यक्रमों में शराब पीने और पिलाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। पंचायत घर के आंगन में महिला मंगल दल की अध्यक्ष सतेश्वरी देवी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में यह प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया।

बैठक में महिलाओं ने गांव और आसपास के क्षेत्रों में बढ़ते शराब प्रचलन पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक आयोजनों में शराब के सेवन से सामाजिक माहौल प्रभावित होता है और पारिवारिक वातावरण पर भी नकारात्मक असर पड़ता है। इसी को देखते हुए निर्णय लिया गया कि ग्राम पंचायत क्षेत्र के अंतर्गत किसी भी सार्वजनिक कार्य, समारोह या आयोजन में शराब परोसने या सेवन करने पर संबंधित परिवार से 50 हजार रुपये का जुर्माना वसूला जाएगा।

महिला मंगल दल ने यह भी स्पष्ट किया कि गांव में शराब पीकर माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही समय-समय पर जागरूकता अभियान और रैलियों का आयोजन कर लोगों को नशामुक्त समाज के प्रति प्रेरित किया जाएगा।

सामाजिक कार्यकर्ता चंडी थपलियाल ने महिलाओं के इस कदम को ग्राम पंचायत के हित में बताया और कहा कि इससे सामाजिक सुधार को मजबूती मिलेगी। बैठक के बाद महिलाओं ने टेंटुणा, सैकोट से होते हुए आमखेत मालधार तक जागरूकता रैली निकालकर लोगों को नशामुक्ति का संदेश दिया।