शंखनाद INDIA/ देहरादून

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत कोरोना की लड़ाई लड़ने के बाद एक बार फिर काम पर वापस लौट चुके हैं| आज मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को कई कार्यक्रमों में शामिल होना है|  मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने आज बीजापुर गेस्ट हाउस में आम लोगों से मुलाकात की। इस दौरान सीएम ने आमजनों की सभी समस्याओं को सुना और मौके पर ही उनके निस्तारण के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे लिए जनता सर्वोपरि है, लोगों की समस्याओं को दूर करना सरकार का दायित्व है। कोशिश की जा रही है कि शिकायतों और समस्याओं का निराकरण स्थानीय स्तर पर ही हो जाए। इसके लिए वर्चुअली रात्रि चौपाल भी लगाई जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि लोगों को अपने काम के लिए अनावश्यक चक्कर न काटने पङें। जनता और प्रशासन के बीच संवाद बराबर बना रहे। उन्होंने कहा कि जन भावनाओं के अनुरुप प्रदेश के विकास के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। सबका साथ और सबका विकास के ध्येय से विकासपरक योजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को आज कई कार्यक्रमों में शामिल होना है| मुख्यमंत्री पार्टी कार्यालय के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद रायवाला में विधानसभा अध्यक्ष के चार साल पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित   कार्यक्रम में भाग लेंगे। यहां से वह हरिद्वार जाएंगे और हर की पैड़ी पर मां गंगा की पूजा-अर्चना करेंगे। इसके अलावा सीएम कुंभ के कार्यों का  लोकार्पण भी करेंगे।