खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को अपने खटीमा दौरे के दौरान जनजातीय समुदाय के लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। उन्होंने अधिकारियों को लोगों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य जनसेवा है और आम लोगों की समस्याओं का समय पर समाधान शासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से शिकायतों को संवेदनशीलता के साथ सुनने और उनका गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने को कहा, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

इस दौरान जनजातीय समुदाय के लोगों ने क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और विकास कार्यों से संबंधित मुद्दे मुख्यमंत्री के सामने रखे। मुख्यमंत्री ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

धामी ने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय क्षेत्रों के विकास और वहां रहने वाले लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार और मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों में पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की कार्यप्रणाली का उद्देश्य सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि होना चाहिए।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री धामी इससे पहले भी खटीमा में जनसुनवाई के दौरान स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों की समस्याएं सुन चुके हैं और अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि जनजातीय समुदाय के विकास से जुड़े मुद्दों पर सरकार गंभीरता से काम करेगी और क्षेत्र में विकास कार्यों को गति दी जाएगी।

 

 

You missed