हरिद्वार। चारधाम यात्रा की तैयारियों के तहत आज से हरिद्वार और ऋषिकेश में वाहनों के लिए ग्रीन कार्ड बनाने की प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू हो जाएगी। हरिद्वार एआरटीओ कार्यालय में इस व्यवस्था का शुभारंभ परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा द्वारा किया जाएगा। वहीं ऋषिकेश में पूजा-अर्चना के बाद वाहन स्वामियों को ग्रीन कार्ड वितरित किए जाएंगे।
ऋषिकेश एआरटीओ (प्रशासन) रावत सिंह कटारिया ने जानकारी देते हुए बताया कि वाहन स्वामियों को पहले ग्रीन कार्ड पोर्टल पर निर्धारित शुल्क ऑनलाइन जमा करना होगा। इसके बाद ही वे परिवहन कार्यालय से अपने वाहनों का ग्रीन कार्ड प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि शुरुआत में ग्रीन कार्ड जारी करने की तिथि 23 मार्च निर्धारित की गई थी, लेकिन तकनीकी समस्याओं के कारण इसे आगे बढ़ाना पड़ा।
कटारिया के अनुसार, अब सभी तकनीकी खामियों को दूर कर लिया गया है। उत्तराखंड एनआईसी (परिवहन) की टीम के सीनियर डायरेक्टर आईटी हिमांशु कुमार और संयुक्त निदेशक आईटी रमन पुंडीर द्वारा पोर्टल का सफल परीक्षण कर लिया गया है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस पोर्टल के माध्यम से सभी व्यवसायिक यात्री वाहनों के लिए ग्रीन कार्ड जारी किए जाएंगे। चारधाम यात्रा में सुरक्षित और व्यवस्थित परिवहन सुनिश्चित करने के लिए यह व्यवस्था अनिवार्य मानी जा रही है।
