टिहरी। कैंपटी-यमुना पुल सड़क मार्ग पर कांडीखाल के समीप एक कार के गहरी खाई में गिरने से कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव का पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए मसूरी भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

कैंपटी थानाध्यक्ष योगेंद्र सिंह रावत ने जानकारी देते हुए बताया कि रविवार दोपहर करीब 12:35 बजे थाना कैंपटी को सूचना मिली कि कैंपटी से लगभग छह किलोमीटर दूर कांडीखाल के पास एक कार करीब 200 मीटर नीचे खाई में गिर गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां कार के समीप एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा मिला।

मृतक की पहचान सनी (35 वर्ष), निवासी कांधला, शामली (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पूछताछ में कार स्वामी पीयूष जैन ने पुलिस को बताया कि सनी उनकी कार का चालक था। शनिवार रात चालक सहित कुल छह लोग कैंपटी के एक होटल में रुके थे। भोजन करने के बाद रात करीब 11 बजे सनी कार में सोने के लिए चला गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रात एक बजे तक कार होटल के बाहर खड़ी थी, लेकिन सुबह सात बजे कार वहां से गायब मिली।

इसके बाद चालक और वाहन की आसपास काफी खोजबीन की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बाद में दुर्घटना की सूचना प्राप्त हुई। पुलिस ने साथ आए अन्य लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।