देहरादून। राजपुर थाना क्षेत्र में कर्ज के बढ़ते दबाव के चलते एक कारोबारी द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर है, वहीं परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया है।

थानाध्यक्ष प्रदीप रावत के अनुसार, घटना शुक्रवार की है। मृतक की पहचान अमरीश गोयल के रूप में हुई है, जो ओल्ड राजपुर चौक बाजार क्षेत्र के निवासी थे। बताया जा रहा है कि अमरीश प्रॉपर्टी डीलिंग के साथ-साथ सीमेंट-सरिया का कारोबार करते थे।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि व्यापार में घाटे और अन्य कारणों से उन्होंने कर्ज ले रखा था। समय के साथ कर्ज का बोझ बढ़ता गया और कर्जदार लगातार उनसे पैसों की मांग कर रहे थे। घर पर बार-बार तगादा होने से वह मानसिक रूप से काफी तनाव में रहने लगे थे।

इसी तनाव के चलते उन्होंने 20 मार्च को जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं पर जानकारी जुटाई जा रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी चिंता का माहौल है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।