चमोली। गोपेश्वर के समीप पोखरी बैंड में हुई दर्दनाक सड़क दुर्घटना ने एक खुशहाल परिवार को गहरे शोक में डुबो दिया। क्राइस्ट एकेडमी स्कूल बस की चपेट में आने से कोठियालसैंण निवासी मंजू देवी की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में उनके तीन मासूम बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया।

घटना मंगलवार दोपहर करीब दो बजे की है। मंजू देवी अपने निजी कार्य से स्कूटी से गोपेश्वर की ओर जा रही थीं। इसी दौरान विद्यालय की छुट्टी के बाद बच्चों को लेकर गोपेश्वर की तरफ जा रही क्राइस्ट एकेडमी की बस ने पोखरी बैंड के पास मंजू की स्कूटी को ओवरटेक करने का प्रयास किया। बस चालक आलम सिंह की लापरवाही से स्कूटी को जोरदार टक्कर लग गई, जिससे मंजू देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

मृतका के तीन बच्चे हैं 11 वर्षीय प्रिया, 9 वर्षीय कनक और 5 वर्षीय आर्यन। हादसे के बाद आक्रोशित परिजन और स्थानीय लोग गोपेश्वर थाने पहुंचे और स्कूल प्रबंधन को भी बुलाया गया। काफी देर तक चली बातचीत के बाद विद्यालय प्रबंधन और परिजनों के बीच समझौता हुआ। इसके तहत क्राइस्ट एकेडमी तीनों बच्चों की 12वीं कक्षा तक की पूरी पढ़ाई का खर्च वहन करेगी।

वार्ता के दौरान ईराणी के पूर्व प्रधान मोहन सिंह नेगी, सभासद सूर्य प्रकाश पुरोहित, जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष गजेंद्र रावत, पूर्व जिला पंचायत सदस्य योगेंद्र सेमवाल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

गोपेश्वर थानाध्यक्ष नरेश राठौड़ ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दुर्घटनाग्रस्त बस को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है और चालक को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।