देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मुस्लिम यूनिवर्सिटी संबंधी बयान पर कांग्रेस ने कड़ा पलटवार किया है। कांग्रेस भवन में मीडिया से बातचीत करते हुए पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने भाजपा पर झूठे आरोप लगाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा कांग्रेस पर बेबुनियाद आरोप मढ़ रही है और यदि कोई यह साबित कर दे कि पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने मुस्लिम यूनिवर्सिटी को लेकर कोई बयान दिया है, तो वे राजनीति छोड़ देंगे।

प्रीतम सिंह ने स्पष्ट किया कि वर्ष 2002 में कांग्रेस सरकार के दौरान शैक्षिक संस्थान के लिए भूमि लीज पर दी गई थी, जो सरकारों की नियमित नीति के तहत दी जाती रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब अडानी और अंबानी जैसे उद्योगपतियों को जमीन दी जाती है, तो उस पर कोई आपत्ति नहीं जताई जाती।

उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार ने डाकपत्थर और जॉर्ज एवरेस्ट मसूरी क्षेत्र में अरबों रुपये की संपत्ति कौड़ियों के दाम पर बेच दी, जिसमें बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ है। प्रीतम सिंह ने कहा कि भाजपा के पास चुनाव लड़ने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं है, इसलिए वह मुस्लिम यूनिवर्सिटी का मुद्दा उछाल रही है।