हल्द्वानी। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में बुधवार से हल्द्वानी में भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक शुरू हो रही है। रामपुर रोड स्थित विंटेज ग्रीन बैंक्वेट हॉल में होने वाली इस बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत प्रदेशभर के वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी शामिल होंगे।

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता सुरेश तिवारी के मुताबिक बैठक में करीब 597 प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। इनमें प्रदेश पदाधिकारी, मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष, प्रकोष्ठों के संयोजक, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, सांसद, विधायक, मंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री, जिला अध्यक्ष और जिला महामंत्री सहित अन्य पदाधिकारी शामिल हैं।

बैठक की शुरुआत सुबह करीब 10 बजे होगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी उद्घाटन सत्र में शामिल होंगे। इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन भी बैठक में पहुंचेंगे। दिनभर चलने वाले विभिन्न सत्रों में संगठन की स्थिति, आगामी कार्यक्रमों और राजनीतिक रणनीति पर चर्चा की जाएगी। शाम को प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक और इसके बाद कोर कमेटी की बैठक प्रस्तावित है।

प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और अगले छह महीनों के लिए चुनावी रणनीति तैयार करने पर मंथन करेगी। बैठक में उत्तराखंड के मौजूदा राजनीतिक हालात और विकसित उत्तराखंड के रोडमैप से जुड़े प्रस्तावों पर भी चर्चा होने की संभावना है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की मौजूदगी को भाजपा के लिए खास माना जा रहा है। उनके दौरे के दौरान संगठनात्मक गतिविधियों के साथ चुनावी तैयारियों की समीक्षा होगी। ऐसे में हल्द्वानी में होने वाली यह बैठक भाजपा के मिशन-2027 की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।