देहरादून/जौलीग्रांट। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के जौलीग्रांट पहुंचने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनका स्वागत किया। इस मौके पर उत्तराखंड भाजपा ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को तेज करने के संकेत दिए। इसी क्रम में जौलीग्रांट स्थित एक होटल में पार्टी की कोर कमेटी की अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें जेपी नड्डा विशेष रूप से शामिल हुए।

बैठक में मुख्य एजेंडा आगामी विधानसभा चुनाव रहा। पार्टी नेतृत्व ने चुनावी रणनीति, प्रमुख मुद्दों, संगठनात्मक ढांचे और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की। भाजपा का लक्ष्य लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी करना है, जिसके लिए संगठनात्मक मजबूती और जमीनी स्तर पर जनसंपर्क अभियान को तेज करने की योजना बनाई जा रही है।

सूत्रों के अनुसार, हाल ही में कराए गए पहले चरण के सर्वे की रिपोर्ट भी बैठक में रखी गई। इसके आधार पर कमजोर और मजबूत सीटों का आकलन किया जाएगा तथा विधायकों और मंत्रियों के प्रदर्शन पर चर्चा होगी। पार्टी यह भी तय करेगी कि किन क्षेत्रों में विशेष रणनीति अपनाई जाए और किन मुद्दों को चुनावी अभियान का केंद्र बनाया जाए।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि विधायक और मंत्री अपनी वर्तमान सीटों से ही चुनाव की तैयारी करेंगे और किसी की सीट में बदलाव नहीं किया जाएगा। कोर कमेटी की यह बैठक आगामी चुनावी रोडमैप तय करने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जिससे भाजपा अपने संगठन को और मजबूत कर चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है।