पौड़ी। पौड़ी जनपद में जंगली जानवरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला बुधवार का है, जब पाबौ विकासखंड के खंडुली गांव में जंगल में चारा लेने गई एक महिला पर भालू ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे खंडुली गांव निवासी ज्योति देवी (पत्नी जगदीश) जंगल में चारा लेने के लिए गई थीं। इसी दौरान घात लगाए बैठे भालू ने उन पर हमला कर दिया। भालू के हमले से महिला को गंभीर चोटें आईं। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और साहस दिखाते हुए भालू को भगाया। इसके बाद घायल महिला को तत्काल 108 एंबुलेंस सेवा के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाबौ पहुंचाया गया।
सीएचसी पाबौ में डॉक्टरों ने महिला को प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन हालत गंभीर होने के चलते उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। जिला पंचायत सदस्य कलूण भरत रावत ने बताया कि महिला की स्थिति नाजुक थी, जिसको देखते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत से संपर्क किया गया। मंत्री के हस्तक्षेप के बाद महिला को एयर एंबुलेंस की सुविधा उपलब्ध कराई गई।
इसके बाद घायल महिला को एयर एंबुलेंस के जरिए देहरादून स्थित मैक्स अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। इधर, लगातार हो रही वन्यजीवों की घटनाओं से ग्रामीणों में आक्रोश और भय का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और जंगली जानवरों से सुरक्षा के ठोस इंतजाम करने की मांग की है।
