प्रदेश में एवलांच की चेतावनी के बीच उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री हाईवे के पास हिमस्खलन हुआ है। जिस कारण गंगोत्री हाईवे बाधित हो गया है। बीआरओ की टीम बर्फ हटाने में जुट गई है। फिलहाल हिमस्खलन से किसी भी प्रकार के नुकसान की सूचना नहीं है।
गंगोत्री हाईवे के पास हुआ हिमस्खलन
उत्तरकाशी जिले के रोघाटी-धराली के बीच गंगोत्री हाईवे पर हिमस्खलन हुआ है। मिली जानकारी के मुताबिक ये हिमस्खलन 15 चांग थांग में आया है। ये स्थान धराली और हर्षिल से करीब दस किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। बीआरओ कमांडर विवेक श्रीवास्तव ने जानकारी दी है कि गंगोत्री हाईवे पर धराली से आगे किमी 15 पर एललांच आया है। जिस से नुकसान की कोई सूचना नहीं है।
बर्फबारी का दौर जारी
गंगोत्री हाइवे पर जहां हिमस्खलन हुआ है वहीं पर बर्फबारी जारी है। जिस कारण बीआरओ की टीम को हाईवे को खोलने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। बर्फबारी के चलते सोनगाड़ से गंगोत्री तक मार्ग बाधित है। मार्ग से बर्फ हटाने का काम जारी है। बता दें कि डीजीआरई चंडीगढ़ ने चमोली, उत्तरकाशी के साथ ही रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ में हिमस्खलन की चेतावनी जारी की है।