सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने बागेश्वर के जिला सैनिक कल्याण अधिकारी द्वारा रिश्वत लेने के प्रकरण का संज्ञान लेते हुए बड़ा फैसला लिया है। रिश्वत लेते पकड़े गए सैनिक कल्याण अधिकारी बर्खास्त कर दिया गया है। इसके आदेश जारी कर दिए गए हैं।
रिश्वत लेते पकड़ा गया सैनिक कल्याण अधिकारी बर्खास्त
सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने बागेश्वर के जिला सैनिक कल्याण अधिकारी मामले में बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने सैनिक कल्याण विभाग के सचिव को निर्देश जारी करते हुए सम्बंधित जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल सुबोध शुक्ला (सेवानिवृत्त) को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त करने के निर्देश दिए हैं। सैनिक कल्याण मंत्री के निर्देशों के बाद बर्खास्तगी का आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।
सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर कर रही काम
सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सैनिक कल्याण जैसे संवेदनशील विभाग में पारदर्शिता और जवाबदेही सर्वाेपरि है।
शिकायत पर तत्काल की जाए सख्त कार्रवाई
सैनिक कल्याण मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस तरह की किसी भी शिकायत पर तत्काल सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं दोहराई न जाएं। सैनिक कल्याण मंत्री ने कहा कि सरकार पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।