ऑपरेशन सिंदूर के बाद सुरक्षा एजेंसियां एक्शन मोड में हैं। जिसके चलते बीते दिनों में कई पाकिस्तानी जासूस गिरफ्तार किए गए हैं।हरियाणा से एक और पाकिस्तानी जासूस को गिरफ्तार किया गया है। बता दें कि तीन दिन पहले ही एक पाकिस्तानी जासूस हरियाणा से ही पकड़ा गया था।
हरियाणा से एक और पाकिस्तानी जासूस गिरफ्तार
हरियाणा के कैथल से पुलिस ने एक पाकिस्तानी जासूस को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 25 वर्षीय देवेंद्र सिंह ढिल्लों को पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी गुहला थाना क्षेत्र के मस्तगढ़ गांव का रहने वाला है। जिसने सैन्य छावनियों और संवेदनशील स्थानों की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान भेजे हैं।
तीन दिनों में हरियाणा से दूसरा जासूस गिरफ्तार
आपको बता दें कि तीन दिनों के भीतर ही हरियाणा से पाकिस्तान के लिए जासूसी करने वाला दूसरा आरोपी गिरफ्तार हुआ है। आपको जानकर हैरानी होगी कि इस जासूस की गिरफ्तारी एक सोशल मीडिया पोस्ट से हुई है। दरअसल 11 मई को गुहला थाने में एक सिक्योरिटी एजेंट ने शिकायत दर्ज की थी कि देवेंद्र ने फेसबुक पर पिस्तौल और बंदूकों के साथ तस्वीरें शेयर की हैं।
लेकिन उसके पास लाइसेंस नहीं है। जब पुलिस ने उसे पूछताछ के लिए हिरासत में लिया तो उसके फोन से और भी कई जानकारी मिली। जांच के दौरान उसके मोबाइल फोन से पाकिस्तान को संवेदनशील सूचनाएं भेजने के सबूत मिले। जिसके बाद साइबर थाने में उसके खिलाफ नया मामला दर्ज कर आरोपी को तीन दिन की अतिरिक्त डिमांड पर लिया गया है।
ननकाना साहिब की यात्रा से जुड़ें हैं तार
बता दें कि देवेंद्र सिंह ढिल्लों पटियाला के एक कॉलेज में राजनीति विज्ञान में स्नातकोत्तर प्रथम वर्ष का छात्र है। उसके पिता खेतीबाड़ी करते हैं। साल 2024 में वो नवंबर में करतारपुर कॉरिडोर के माध्यम से ननकाना साहिब की धार्मिक यात्रा पर गया था। इस दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने उसे पाकिस्तान में संपर्क के लिए एक नंबर दिया।
वहां पहुंचने पर उसे कुछ लोगों ने हनीट्रैप में फंसाया। एक लड़की के माध्यम से उसका संपर्क पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी से जुड़ा। और वो जासूसी के जाल में फंस गया। भारत लौटने के बाद भी वो लगातार पाकिस्तानी एजेंटों के संपर्क में रहा। इस दौरान वो सैन्य गतिविधियों की जानकारी साझा करता रहा।