ऋषिकेश/देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर उत्तराखंड भारतीय जनता पार्टी के भीतर असंतोष अब खुलकर सामने आने लगा है। वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व राज्य मंत्री भगतराम कोठारी के बाद अब ऋषिकेश से भाजपा युवा मोर्चा के जिला मंत्री अंकित बहुखंडी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इस इस्तीफे को पार्टी के भीतर बढ़ते दबाव और असहजता के रूप में देखा जा रहा है।

अंकित बहुखंडी ने सोशल मीडिया पर जारी अपने बयान में पार्टी नेतृत्व और पूरे घटनाक्रम पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने लिखा कि जिस तरह इस मामले में कथित तौर पर वीआईपी लोगों के नाम सामने आ रहे हैं और पार्टी से जुड़े जिम्मेदार लोग चुप्पी साधे हुए हैं, उसे देखकर उन्हें शर्मिंदगी महसूस हो रही है। बहुखंडी ने कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की दिशा में अब तक ठोस और प्रभावी कार्रवाई न होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

अपने पत्र में उन्होंने स्पष्ट किया कि वह इस पूरे प्रकरण से मानसिक रूप से आहत हैं और नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पद पर बने रहना उचित नहीं समझते। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समय रहते निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो जनता का शासन और व्यवस्था से विश्वास डगमगा सकता है।

गौरतलब है कि अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर प्रदेशभर में लगातार विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। आम जनता के साथ-साथ सामाजिक संगठनों और राजनीतिक दलों में भी गुस्सा देखा जा रहा है। इससे पहले भी भाजपा से जुड़े कई नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा इस्तीफे दिए जा चुके हैं।

वहीं विपक्ष इस मामले को लेकर सरकार पर लगातार हमलावर है और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहा है। प्रदेश की राजनीति में इस घटनाक्रम को अहम माना जा रहा है और आने वाले दिनों में इसके और राजनीतिक असर देखने को मिल सकते हैं।

You missed