काशीपुर। सोमवार सुबह काशीपुर के कुंडेश्वरी चौकी क्षेत्र के ग्राम लक्ष्मीपुर लच्छी में एक बड़ा हादसा हो गया। खनन कार्य में लगे एक डंपर की चपेट में आने से 60 वर्षीय बुजुर्ग जयपाल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सोमवार सुबह करीब आठ बजे जयपाल सिंह अपने घर से बाहर निकल रहे थे, तभी तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात खनन डंपर ने उन्हें कुचल दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक डंपर छोड़कर मौके से भाग निकला।

घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने डंपर में आग लगा दी। देखते ही देखते डंपर धू-धू कर जलने लगा, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक डंपर पूरी तरह जल चुका था।

घटना की जानकारी मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक स्वप्न किशोर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस फरार चालक की तलाश में जुट गई है और यह भी जांच की जा रही है कि डंपर किस खनन कंपनी या ठेकेदार का था तथा उसके पास वैध अनुमति थी या नहीं। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है, हालांकि पुलिस के अनुसार स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है।