कोटद्वार। दुगड्डा क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में आठ वर्षीय मासूम की मौत हो गई। गैस सिलिंडर लेकर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

पुलिस के अनुसार, यह हादसा सोमवार देर शाम दुगड्डा स्थित पार्क के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ। दुगड्डा निवासी रविकांत गिरि का पुत्र अभिनंदन (8) घर के पास स्थित पार्क में खेलने गया था। खेलकर लौटते समय वह हाईवे पार कर रहा था, तभी कोटद्वार की ओर से आ रहे तेज रफ्तार गैस सिलिंडर ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही बैरियर पर तैनात पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और घायल बच्चे को तत्काल 108 आपातकालीन सेवा वाहन से बेस अस्पताल कोटद्वार भेजा गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच की जा रही है।

अभिनंदन अपने दादा-दादी के साथ दुगड्डा में रहकर पढ़ाई कर रहा था और सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में कक्षा दो का छात्र था। उसके पिता रविकांत गिरि उत्तर प्रदेश पुलिस में उप निरीक्षक के पद पर कार्यरत हैं। मृतक के दादा मुन्ना गिरि राजकीय जूनियर हाईस्कूल बोरगांव में सहायक अध्यापक हैं और परिवार दुगड्डा में किराए के मकान में रहता है।

इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

You missed