हरिद्वार। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सात मार्च को उत्तराखंड दौरे पर आ रहे हैं, जहां वह भाजपा प्रदेश टोली की अहम बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक को आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रदेश संगठन ने गृह मंत्री के दौरे की तैयारियां शुरू कर दी हैं।

शाह हरिद्वार में जन संवाद कार्यक्रम में शामिल होने के साथ ही प्रदेश सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों की समीक्षा भी करेंगे। धामी सरकार के चार साल पूरे होने के अवसर पर सरकार और संगठन का यह बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जिसे चुनावी बिगुल के रूप में देखा जा रहा है।

प्रदेश टोली की बैठक में भाजपा कोर कमेटी के सभी सदस्य, पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, पूर्व सीएम तीरथ सिंह रावत, प्रदेश के तीनों महामंत्री, सरकार के मंत्री और वरिष्ठ कार्यकर्ता शामिल होंगे। बैठक में पार्टी की संगठनात्मक मजबूती, चुनावी तैयारियों और संभावित कमजोरियों पर मंथन होगा। केंद्रीय नेतृत्व प्रदेश में सरकार बदलाव की चर्चाओं पर विराम लगाने की रणनीति भी तैयार कर रहा है। साथ ही, यदि कहीं एंटी इनकंबेंसी का असर है, तो उसे प्रो इनकंबेंसी में बदलने की कार्ययोजना पर चर्चा की जाएगी।

इस दौरे के बाद 23 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी उत्तराखंड दौरा प्रस्तावित है। धामी सरकार के चार साल पूरे होने के मौके पर पीएम मोदी के कार्यक्रम की तैयारी भी शुरू हो चुकी है। भाजपा संगठन इस पूरे कार्यक्रम के जरिए चुनावी मोड में पूरी तरह उतरने की तैयारी कर रहा है।

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि सात मार्च को होने वाली प्रदेश टोली की बैठक में विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर व्यापक चर्चा होगी और भविष्य की रणनीति को और मजबूत किया जाएगा।