चमोली। चमोली जिले में आदिबदरी-रंडोली मार्ग पर मंगलवार को एक एंबुलेंस हादसे का शिकार हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एंबुलेंस का अचानक ब्रेक फेल हो गया, जिसके चलते चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और एंबुलेंस सड़क पर पलट गई।
हादसे के समय एंबुलेंस में एक मरीज, चालक और मेडिकल स्टाफ सवार थे। गनीमत रही कि दुर्घटना में किसी को गंभीर चोट नहीं आई और सभी लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही आदिबदरी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत राहत कार्य शुरू किया गया। मरीज को बिना समय गंवाए दूसरी एंबुलेंस के जरिए श्रीनगर अस्पताल के लिए रवाना कर दिया गया।
प्रशासन ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और एंबुलेंस के ब्रेक फेल होने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
