देहरादून। कैबिनेट विस्तार के बाद सरकार ने मंत्रियों के जिलावार प्रभार में बड़ा फेरबदल किया है। नियोजन विभाग ने शुक्रवार को आदेश जारी करते हुए सभी मंत्रियों को नए सिरे से जिलों का प्रभारी मंत्री नियुक्त किया। इस व्यवस्था का उद्देश्य प्रशासनिक कामकाज को सुचारु बनाना और आगामी 2027 विधानसभा चुनाव से पहले जमीनी स्तर पर पकड़ मजबूत करना है।
प्रमुख सचिव नियोजन आर. मीनाक्षी सुंदरम द्वारा जारी आदेश के अनुसार, सतपाल महाराज को हरिद्वार, गणेश जोशी को टिहरी और रुद्रप्रयाग, जबकि डॉ. धन सिंह रावत को अल्मोड़ा जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी तरह सुबोध उनियाल को देहरादून, रेखा आर्य को पिथौरागढ़ और सौरभ बहुगुणा को उत्तरकाशी का प्रभारी बनाया गया है।
इसके अलावा खजान दास को नैनीताल, भरत चौधरी को चमोली और चंपावत, मदन कौशिक को पौड़ी, प्रदीप बत्रा को ऊधमसिंह नगर और राम सिंह कैड़ा को बागेश्वर जिले की जिम्मेदारी दी गई है।
पहले मंत्रिमंडल में केवल छह कैबिनेट मंत्री होने के कारण कई मंत्रियों पर दो-दो जिलों का अतिरिक्त भार था। हालांकि हालिया कैबिनेट विस्तार में पांच नए मंत्रियों के शामिल होने से यह दबाव कम हुआ है। अब मंत्रियों को अपने-अपने जिलों में अधिक समय देने का अवसर मिलेगा, जिससे योजनाओं की निगरानी, विकास कार्यों की समीक्षा और जनता से सीधा संवाद बेहतर हो सकेगा।
सरकार का मानना है कि यह नई व्यवस्था न केवल प्रशासनिक दक्षता बढ़ाएगी, बल्कि 2027 के विधानसभा चुनाव के मद्देनजर संगठन और सरकार के बीच तालमेल को भी मजबूत करेगी।
