cong bjp flag

निकाय चुनावों में हार के बाद जहां एक ओर कांग्रेस मंथन कर रही है तो वहीं दूसरी ओर बीजेपी इसको लेकर पर कांग्रेस पर निशान साध रही है। कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे मेरा वोट मेरा अधिकार अभियान को लेकर भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस उपचुनाव और निकाय चुनाव मे मिली हार से तिलमिला गई है और अब हार के लिए बहाने तलाशने को मंथन कर रही है।

हार के बाद से तिलमिलाई कांग्रेस

कांग्रेस के मतदाता सूची मे गड़बड़ी संबंधी आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्य पूर्ण कराने की सभी जिम्मेदारियों का निर्वहन निर्वाचन आयोग के पास है। मतदाता सूची भी आयोग के दिशा निर्देशन मे बीएलओ द्वारा तैयार की जाती है। उन्होंने कहा कि सूची में गड़बड़ियां जो सामने आई है उसमे कांग्रेस ही नही, बल्कि भाजपा को भी नुकसान उठाना पड़ा है। लेकिन भाजपा ने भी सिस्टम को दोषी मानकर इसमें सुधार की गुंजाइश की उम्मीद जताई। लेकिन कांग्रेस इसे भी ईवीएम की तरह ही दुष्प्रचार कर खुद को पीड़ित दिखाने की कोशिश कर रही है।

EVM के बाद मतदाता सूची पर फोड़ रही ठीकरा

मनवीर सिंह चौहान का कहना है कि कांग्रेस मे टिकट बेचने, भीतरघात और गुटबाजी की गूंज निकाय चुनाव के दौरान आम रही है। हाल ही मे कांग्रेस हाईकमान द्वारा राज्य के नेताओं को तलब किया गया तो जमीनी हार से ध्यान बंटाने के लिए कांग्रेस अब हार के कारणों पर मंथन मे जुट गई। इसके लिए उसने वही पुराना राग छेड़ दिया जो कि हास्यास्पद है। कांग्रेसी नेता अपनी कारगुजारियों से बचने के लिए अब मतदाता सूची की आड़ ले रहे हैं।

मतदाता सूची ही नहीं मत भी हैं जरूरी

चौहान ने कांग्रेस को नसीहत दी है कि महज मतदाता सूची ही नहीं उसके लिए मत भी जरूरी है। जन सरोकारों के मुद्दे पर हमेशा विरोध करने की सजा जनता उसे देती रही है और भविष्य मे भी मिलेगी। उन्होंने कहा कि लव जिहाद, लैंड जिहाद, या यूसीसी का विरोध कर रही कांग्रेस तुष्टिकरण से बाज नहीं आ रही है। सांस्कृतिक सरंक्षण और बदल रही डेमोग्राफी के खिलाफ बने भू-कानून को भी वो पचा नहीं पा रही है। कांग्रेस जब तक जन की बात कर जन के पक्ष मे खड़ी नहीं होगी वो हार के लिए बहाने ही तलाशेगी। जनता उसकी हकीकत को बेहतर जानती है।