देहरादून। शहर के तिब्बती मार्केट के सामने बुधवार को दिनदहाड़े एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। प्रारंभिक जांच में वारदात का कारण आपसी विवाद बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने घटना की पुष्टि की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दो युवक स्कूटी से मौके पर पहुंचे और कार में बैठे युवक को निशाना बनाकर गोली चला दी। गोली युवक के सीने में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही युवक की मौत हो गई।

मृतक की पहचान अमरदीप गैस एजेंसी के मालिक अर्जुन सिंह (40) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अर्जुन सिंह परेड ग्राउंड में टेनिस खेलने आया था और खेल के बाद अपनी कार में बैठा था। इसी दौरान अचानक आए बाइक सवार हमलावरों ने उसे गोली मार दी और मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। घटना के पीछे आपसी रंजिश या पुराना विवाद होने की संभावना जताई जा रही है।