अल्मोड़ा। उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के रानीखेत क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कुंवाली क्षेत्र के ऐना गांव में शुक्रवार रात घर में घुसकर 20 वर्षीय सागर सिंह बिष्ट की बेरहमी से हत्या कर दी गई। सागर अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहा था और सेना में भर्ती होकर अपने परिवार का नाम रोशन करने का सपना देख रहा था। इस वारदात में बीच-बचाव करने आई उसकी बुआ और दादी पर भी जानलेवा हमला किया गया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं।
पुलिस के अनुसार, घटना शुक्रवार रात करीब आठ बजे की है। चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे तो सागर खून से लथपथ पड़ा मिला। उसके शरीर पर धारदार हथियार से कई वार किए गए थे। गंभीर रूप से घायल बुआ और दादी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल फैल गया।
शनिवार को पोस्टमार्टम के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन अस्पताल पहुंचे। उन्होंने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। कुछ समय के लिए अस्पताल और कोतवाली परिसर में तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को समझाकर शांत कराया, जिसके बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी हुई।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित की और 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी जगत सिंह बोरा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि करीब दो माह पहले गांव में एक शादी समारोह के दौरान स्कूटी पर आए खरोंच को लेकर उसका सागर और उसके भाई से विवाद हुआ था। उसी रंजिश के चलते उसने बदला लेने की योजना बनाई और हथियार लेकर सागर के घर पहुंचकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू और लोहे का घन भी बरामद कर लिया है।
इस हत्याकांड ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। सेना में भर्ती होने का सपना देखने वाले सागर की मौत से गांव में मातम पसरा है, जबकि पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि दोषी के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
