देहरादून। देहरादून के लच्छीवाला इलाके में सोमवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां जंगली जानवर से बचने के प्रयास में एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। युवक रेलवे ट्रैक के पास लगे बिजली के खंभे पर चढ़ गया था, इसी दौरान वह हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आ गया। करंट लगने से युवक बुरी तरह झुलस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। लच्छीवाला के जीरो प्वाइंट के पास दून–हरिद्वार रेलवे ट्रैक के समीप पुलिस को एक युवक का जला-झुलसा शव मिला। शव की हालत इतनी खराब थी कि मौके पर उसकी पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया, जिसने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। रेलवे ट्रैक के पास लगे विद्युत पोल और आसपास जलने के स्पष्ट निशान मिले हैं, जिससे करंट लगने की पुष्टि हुई है।

हर्रावाला चौकी प्रभारी रघुवीर कपरूवाण ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक संभवतः किसी जंगली जानवर से बचने के लिए घबराकर बिजली के खंभे पर चढ़ा होगा। इसी दौरान वह हाई वोल्टेज लाइन की चपेट में आ गया। पुलिस के अनुसार, मृतक की उम्र लगभग 30 वर्ष आंकी जा रही है।

स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन अब तक कोई भी युवक की पहचान नहीं कर सका है। यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक स्थानीय निवासी था या किसी अन्य स्थान से आया था।

पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को देहरादून के कोरोनेशन अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। शिनाख्त होने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आसपास के थानों में भी युवक की जानकारी साझा कर रही है।