देहरादून। देहरादून से हरिद्वार की ओर जा रही एक कार रविवार को हरिद्वार हाईवे पर हादसे का शिकार हो गई। माजरी ग्रांट के पास पहुंचते ही कार अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन तेज गति से आ रहा था और संतुलन बिगड़ते ही सड़क पर पलट गया।

मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। चौकी प्रभारी विनय मित्तल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चालक को झपकी आने के कारण यह दुर्घटना हुई। हादसे में कार सवार तीन लोग घायल हो गए। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को नजदीकी अस्पताल भिजवा दिया गया था।

दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात सुचारु कराया और वाहन को सड़क से हटवाया। घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।