देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में सोमवार सुबह एक मामूली ओवरटेकिंग विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसकी चपेट में आकर एक रिटायर्ड आर्मी ब्रिगेडियर की जान चली गई। घटना राजपुर थाना क्षेत्र के मसूरी रोड स्थित मालसी इलाके के पास सुबह करीब 6:50 बजे हुई।
पुलिस के अनुसार, दिल्ली नंबर की फॉर्च्यूनर और एक स्कॉर्पियो कार के बीच ओवरटेकिंग को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो जल्द ही झड़प में बदल गई। आरोप है कि स्कॉर्पियो सवारों ने फॉर्च्यूनर कार का पीछा करते हुए उसे रोकने के लिए टायरों पर फायरिंग शुरू कर दी। इसी दौरान सड़क किनारे मॉर्निंग वॉक कर रहे 70 वर्षीय रिटायर्ड ब्रिगेडियर वी.के. जोशी को गोली लग गई।
घायल अवस्था में उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना से इलाके में दहशत फैल गई है और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
फायरिंग से बचने की कोशिश में फॉर्च्यूनर कार जोहड़ी गांव के पास अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा गई। इसके बाद स्कॉर्पियो सवार आरोपियों ने कार सवारों के साथ मारपीट भी की, जिसमें दो लोग घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने जिलेभर में नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी है। साथ ही, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोभाल ने घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस घटना ने न केवल कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि एक सम्मानित पूर्व सैन्य अधिकारी की असमय मौत से पूरे शहर में शोक और आक्रोश का माहौल है।
