रुद्रपुर। पुलिस मुठभेड़ में शुक्रवार को गिरफ्तार हुआ कुख्यात नशा तस्कर शाकिर अली उर्फ नकटा अपने आपराधिक नेटवर्क में परिवार को भी शामिल करने वाला शातिर अपराधी निकला। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि उसने न केवल अपनी पत्नी शाहीन को स्मैक तस्करी में शामिल किया, बल्कि अपने नाबालिग बेटे को भी इस अवैध धंधे में जबरन धकेल दिया।

पुलिस के अनुसार, लंबे समय से फरार चल रहे शाकिर अली को 27 मार्च की देर रात कुईखेड़ा मार्ग पर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया। मुठभेड़ के दौरान उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जांच में सामने आया है कि आरोपी अपनी पत्नी के साथ मिलकर नशे का संगठित नेटवर्क चला रहा था। दोनों ने अपने नाबालिग बेटे को भी तस्करी के काम में लगा दिया था। 24 जनवरी 2026 को एसटीएफ की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने चेकिंग के दौरान किशोर को गिरफ्तार किया था, जिसके पास स्कूटी की डिग्गी में भारी मात्रा में स्मैक बरामद हुई थी।

पूछताछ में किशोर ने बताया कि वह पढ़ाई करना चाहता था, लेकिन उसके माता-पिता ने उस पर मानसिक और शारीरिक दबाव बनाकर तस्करी के लिए मजबूर किया। जिस उम्र में बच्चों के हाथ में किताबें होनी चाहिए, उस उम्र में उसे नशे की सप्लाई में लगा दिया गया।

एसएसपी अजय गणपति के मुताबिक, शाकिर उर्फ नकटा के खिलाफ हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट सहित करीब 10 गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2016 से 2026 के बीच उस पर कई बार कार्रवाई हो चुकी है और पहले भी उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया था। उसकी पत्नी शाहीन भी कई मामलों में नामजद रही है।

फिलहाल घायल आरोपी का इलाज जारी है। पुलिस का कहना है कि स्वास्थ्य में सुधार होते ही उसे अदालत में पेश किया जाएगा और पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है।