रुद्रप्रयाग। रुद्रप्रयाग जिले में एक नाबालिग छात्रा द्वारा बच्ची को जन्म देने का मामला सामने आया है। घटना के बाद बाल कल्याण समिति के निर्देश पर नवजात शिशु को स्पेशल एडॉप्शन एजेंसी, रुद्रप्रयाग के सुपुर्द कर दिया गया है। मामले में दुष्कर्म की आशंका जताई जा रही है और संबंधित धाराओं में कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
जानकारी के अनुसार 9वीं कक्षा की छात्रा को परिजन पेट दर्द की शिकायत पर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे। प्राथमिक जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे बेस चिकित्सालय, श्रीनगर रेफर कर दिया। वहां अल्ट्रासाउंड जांच में गर्भावस्था की पुष्टि हुई। चिकित्सकीय निगरानी में छात्रा ने एक बच्ची को जन्म दिया।
बताया जा रहा है कि नवजात के संरक्षक ने बच्ची को अपनाने से इनकार कर दिया। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने मामले की सूचना बाल कल्याण समिति को दी। समिति के निर्देश पर शिशु को विशिष्ट दत्तक ग्रहण अभिकरण को सौंप दिया गया, जहां उसकी देखरेख की जा रही है।
स्पेशल एडॉप्शन एजेंसी के प्रबंधक पुनीत चौकियाल ने बताया कि दो माह बाद केंद्रीय दत्तक ग्रहण संसाधन प्राधिकरण (कारा) पोर्टल के माध्यम से विधिक दत्तक ग्रहण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
वहीं वन स्टॉप सेंटर की प्रबंधक रंजना गैरोला ने बताया कि मामले में दुष्कर्म की आशंका है। अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।
