ऋषिकेश। राजधानी स्थित एम्स अस्पताल की ओपीडी में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक मानसिक रूप से अस्वस्थ मरीज अचानक घबराकर भागने लगा। मरीज अपने परिजनों के साथ जांच कराने अस्पताल आया था और उसका एंडोस्कोपी टेस्ट निर्धारित था। हालांकि, मरीज ने पहले ही इस टेस्ट के लिए अनिच्छा जताई थी।

बताया जा रहा है कि जैसे ही टेस्ट की प्रक्रिया शुरू हुई, मरीज घबरा गया और ओपीडी से बाहर निकलकर तेजी से सीढ़ियों की ओर दौड़ पड़ा। भागते हुए वह ओपीडी की छठी मंजिल तक पहुंच गया। ऊपर पहुंचने पर दरवाजा बंद मिला, जिसे खोलने के प्रयास में उसने कुंडी तोड़ दी और आगे बढ़ने की कोशिश की।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत कार्रवाई की। उन्होंने मरीज का पीछा किया और काफी प्रयास के बाद उसे शांत कर सुरक्षित नीचे लेकर आए। सुरक्षा कर्मियों की तत्परता से एक संभावित बड़ी घटना टल गई।

अस्पताल प्रशासन के अनुसार, मरीज मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्या से जूझ रहा है और उसका इलाज ओपीडी स्तर पर जारी है। घटना के बाद उसे संबंधित विभाग में ले जाकर आवश्यक जांच पूरी कराई गई। जांच के बाद मरीज को उचित उपचार देकर भेजा जाएगा।

इस घटना ने अस्पतालों में मानसिक स्वास्थ्य मरीजों के प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था की अहमियत को एक बार फिर उजागर कर दिया है।