देवप्रयाग। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित अति संवेदनशील तोताघाटी क्षेत्र में पहाड़ी से गिरे भारी बोल्डर की चपेट में आने से एक ट्रक चालक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब ऋषिकेश से सीमेंट लादकर श्रीनगर की ओर जा रहा ट्रक तोताघाटी के पास पहुंचा था। अचानक पहाड़ी से बड़े-बड़े पत्थरों के साथ एक विशाल बोल्डर गिर पड़ा, जिसने ट्रक के केबिन को तोड़ते हुए चालक को अपनी चपेट में ले लिया। चालक की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंच गया। पहाड़ी से गिरे मलबे और बोल्डरों के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया, जिससे करीब चार घंटे तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। राहत दल ने कड़ी मशक्कत के बाद बोल्डर के नीचे दबे चालक के शव को बाहर निकाला।

मृतक के पास मिले दस्तावेजों के आधार पर उसकी पहचान मुरारी लाल (55), निवासी पुदियानी, कर्णप्रयाग (चमोली) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवप्रयाग भेज दिया है और मृतक के परिजनों को दुर्घटना की सूचना दे दी गई है। सुबह मलबा हटाने के बाद मार्ग को यातायात के लिए पुनः खोल दिया गया।

गौरतलब है कि तोताघाटी क्षेत्र भूस्खलन और पत्थर गिरने के लिहाज से बेहद संवेदनशील माना जाता है और इसे राष्ट्रीय राजमार्ग का प्रमुख ब्लैक स्पॉट भी कहा जाता है। लगातार हो रहे भू-क्षरण और पहाड़ी क्षेत्रों में कमजोर चट्टानों के कारण इस तरह की दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है, जिससे यात्रियों और वाहन चालकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई जा रही है।

You missed