नई दिल्ली। दिल्ली के पहाड़गंज इलाके में एक विदेशी युवक ने होटल में बिना पैसे के ठहरने की अनुमति न मिलने पर खुद को चाकू मारकर घायल कर लिया। घायल युवक की पहचान तुर्कमेनिस्तान निवासी 29 वर्षीय जेहुन के रूप में हुई है। घटना के समय युवक कथित रूप से नशे की हालत में था।

पुलिस के अनुसार, यह घटना 11 फरवरी की रात की है, जब जेहुन नशे की हालत में एक होटल में पहुंचा और मुफ्त में कमरा देने की मांग करने लगा। होटल कर्मचारियों ने उसकी मांग ठुकरा दी और बताया कि कोई कमरा खाली नहीं है। इससे नाराज होकर युवक ने अपने पास मौजूद चाकू से अपना गला काटकर खुद को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की।

घटना की सूचना मिलते ही होटल स्टाफ और पुलिस मौके पर पहुंचे और घायल युवक को तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। मध्य जिला पुलिस उपायुक्त अनंत मित्तल ने बताया कि शुरुआती जांच में युवक के नशे में होने की पुष्टि हुई है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि युवक ने किस प्रकार का नशा किया था और क्या वह मानसिक तनाव या किसी अन्य समस्या से जूझ रहा था। फिलहाल युवक की हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने होटल स्टाफ के बयान दर्ज कर लिए हैं और सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है।

यह घटना पर्यटक क्षेत्रों में सुरक्षा और विदेशी नागरिकों की निगरानी व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े करती है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।